★मुकेश सेठ★
★मुम्बई★
{एनसीपी नेता की बेटी नीलोफ़र खान ने एक्स सीएम फडणवीस को 5 करोड़ की मानहानि का नोटिस भेजकर कहा झूठे आरोप जीवन को बर्बाद कर देते हैं}
[नेता प्रतिपक्ष देवेन्द्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने कहा कि उनके परिवार की छवि ख़राब करने के लिए मन्त्री नवाब मलिक को भेजा गया क़ानूनी नोटिस]
(NCB के ज़ोनल डायरेक्टर के पिता ने भी मलिक को भेजा नोटिस,तो कुछेक बीजेपी नेताओं ने कहा आने वाले दिनों में मलिक को लेकर करेंगे बड़े ख़ुलासे)
[एससी-एसटी आयोग ने महाराष्ट्र के डीजीपी से नवाब मलिक के द्वारा समीर वानखेड़े व उनके परिवार के ऊपर की गई निजी व जातिगत टिप्पणी को लेकर मांगा है जवाब]
♂÷महाराष्ट्र में आर्यन खान ड्रग्स केस के बाद जारी बयानबाजी की बमबाजी के बाद अब क़ानूनी नोटिस की एंट्री दोनों पक्षों की तरफ़ से कर दी गयी है।
देखा जा रहा है कि राज्य की राजनीति इस समय ड्रग्स, भ्रष्टाचार और अपराधियों को संरक्षण देने को लेकर दो राजनेताओं के बीच गर्माती जा रही है।
महाराष्ट्र के महाविकास आघाडी की उद्धव सरकार में वरिष्ठ मंत्री और एनसीपी के प्रवक्ता व मुम्बई अध्यक्ष नवाब मलिक तथा पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नेता देवेंद्र फडणवीस के बीच पिछले कई दिनों से एक-दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप के सियासी तीर चलाये जा रहे है। अब दोनों तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ कानूनी नोटिस भी भेजा गया है।
खबर के मुताबिक नवाब मलिक के दामाद समीर खान की ओर से बेटी नीलोफर मलिक खान ने पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पांच करोड़ रुपये हर्जाने का मानहानि नोटिस भेजा है और लिखित माफी की भी मांग की है। नवाब मलिक की बेटी नीलोफर मलिक खान ने गुरुवार को अपने ट्विटर हैंडल पर 10 नवंबर के कानूनी नोटिस का एक स्नैपशॉट पोस्ट किया। राज्य भाजपा के प्रवक्ता ने कहा है कि वे कानूनी रूप से नोटिस का जवाब देंगे। उधर, पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता देवेंद्र फडणवीस ने भी कथित मानहानि करने वाले ट्वीट्स के माध्यम से ‘उनके परिवार की छवि खराब करने’ के लिए महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक को कानूनी नोटिस भेजा है।
अमृता फडणवीस ने कहा था कि मन्त्री नवाब मलिक ने उनका व उनके परिवार के मान सम्मान को ठेस पहुँचाई है,अगर उन्होंने मुझसे व परिवार से सम्बंधित अपने ट्वीट को 48 घण्टे में डिलीट नही किया तो उन पर मानहानि का केस किया जाएगा।
उधर दूसरी तरफ़ कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक की बेटी नीलोफर मलिक ने ट्वीट में लिखा, “झूठे आरोप जीवन को बर्बाद कर देते हैं। इससे पहले कि कोई आरोप लगाए या निंदा करे, उन्हें पता होना चाहिए कि वे किस बारे में बात कर रहे हैं। यह मानहानि नोटिस झूठे दावों और बयानों के लिए है जो श्री@Dev_Fadnavis ने मेरे परिवार पर लगाए हैं। हम नहीं झुकेंगे।” उन्होंने कहा कि अभी यह शुरुआत है, आगे और भी नोटिस भेजे जाएंगे।
समीर खान को इस साल जनवरी में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने कथित ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया था। उन्हें सबूतों के अभाव में सितंबर में एक अदालत ने जमानत दे दी थी। फडणवीस को भेजे कानूनी नोटिस में समीर खान के वकील ने उल्लेख किया कि उनके मुवक्किल को एनसीबी द्वारा दर्ज एक मामले में “झूठा फंसाया गया” था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि वह एक ड्रग सिंडिकेट में शामिल हैं। जुलाई में आरोप पत्र दाखिल करने के बाद खान को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
लेकिन एक नवंबर को फडणवीस ने एक न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा था कि मलिक के दामाद “ड्रग्स के साथ मिले थे।” और “जिस घर में ड्रग्स पाए गए थे तब उसकी पार्टी कौन सी थी।” नोटिस में कहा गया है कि आरोप “निराधार और बिना किसी गुण के” हैं। यह भी कहा गया है कि एनसीबी के पंचनामा में साफ तौर पर बताया गया है कि खान के घर की तलाशी ली गई और “घर में या उनके कब्जे में कोई प्रतिबंधित या संदिग्ध पदार्थ नहीं मिला।”
खान ने पूछा, “आपको किस स्रोत से ऐसी झूठी, तुच्छ और निराधार रिपोर्ट मिली?” नोटिस में कहा गया है कि खान लगातार मानसिक प्रताड़ना और उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं और न केवल उन्हें बदनाम किया गया, बल्कि पत्नी और बच्चे भी प्रभावित हुए हैं।
इसलिए, अब फडणवीस के बयानों के कारण मानसिक प्रताड़ना, पीड़ा, वित्तीय नुकसान और अपनी प्रतिष्ठा को लगी चोट के लिए हर्जाने के रूप में पांच करोड़ रुपये की मांग करने वाला नोटिस भेजा गया हैं। उन्होंने भाजपा नेता से लिखित माफीनामा भी मांगी है। इस बीच, महाराष्ट्र भाजपा के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्याय ने कहा, “मलिक के दामाद के खिलाफ चल रहे मामले के आधार पर देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया है। वह आठ महीने से सलाखों के पीछे थे।” हालांकि उन्होंने कहा कि वे नोटिस का जवाब कानूनी तौर पर देंगे।
उधर बीजेपी के कुछेक नेताओं द्वारा मन्त्री नवाब मलिक के अंडरवर्ल्ड से सम्बंध होने के साथ ही उनकी पत्नी को दाऊद इब्राहिम की रिश्तेदार व आईएसआई एजेंट होने का आरोप लगाते हुए दावा किया गया कि आने वाले दिनों में इस बाबत बड़े ख़ुलासे किये जायेंगे।
कुल मिलाकर महाराष्ट्र की राजनीति में इस समय एनसीपी नेता व मन्त्री नवाब मलिक व उनका परिवार, दूसरी तरफ़ पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस व उनकी पत्नी तो तीसरी तऱफ एनसीबी के ज़ोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े व उनका परिवार है।
मालूम हो कि समीर वानखेड़े के परिवार द्वारा भी मन्त्री नवाब मलिक के द्वारा निजी आरोप लगाए जाने पर कोर्ट द्वारा नोटिस भेजा गया है तो वहीं एससी-एसटी आयोग द्वारा आज महाराष्ट्र के डीजीपी से समीर वानखेड़े के सन्दर्भ में जवाब मांगा गया है।






















